घर में रह रहा था अकेले, रिश्तेदारों को दी गई सुचना
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज सिटी के मम्फोर्डगंज इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने शुक्रवार सुबह आग लगाकर जान दे दी। वह मकान में अकेले रहते थे। पुलिस के मुताबिक बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की गई है। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण किया। रिश्तेदारों को खबर दी गई। मम्फोर्डगंज में रहने वाले 45 वर्षीय पीयूष कुमार घर में अकेले रहते थे। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को पीयूष की चीख-पुकार सुनाई दी। तमाम लोग पीयूष के दरवाजे पर पहुंच गए। पीयूष के कमरे से धुआं निकल रहा था। इस पर कर्नलगंज थाने की पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई। कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में सामने जमीन पर पीयूष कुमार तड़प रहे थे। उनका शरीर पूरी तरह आग से झुलसा था। पुलिसकर्मी उनको फौरन स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी कर्नलगंज राम मोहन राय का कहना है कि पीयूष कुमार अकेले रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। कई बीमारियों से भी वह पीड़ित थे। आसपास के लोगों ने बताया कि इधर कुछ दिनों से उनकी मानसिक हालत भी खराब थी। आशंका है कि इसी कारण आग लगाकर उन्होंने जान दे दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है।