पुलिस प्रशासन बनी रही मूकदर्शक, बना चर्चा
प्रयागराज (राजेश सिंह)। नगर के सिविल लाइंस थाने में वकीलों का अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा में है। तीन दिन से वकील थाने के अंदर ही दरी, गद्दा, चादर और मच्छरदानी लेकर डेरा जमाए हुए हैं। दिनभर धरना देने के बाद रात में फिल्मी गानों पर डांस करते हैं। दिवाली की रात भी वकील घर नहीं गए। उन्होंने थाने में ही तेज आवाज में गाने बजाए और जमकर डांस किया। अपने डांस के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर कर रहे हैं।
वकीलों के धरने का अंदाज भी अलग है। आधी रात तक थाने में फिल्मी गाने बजते हैं। कभी 'नाकाबंदी' गाने पर वकील झूमते हैं तो कभी 'हम पागल नहीं हैं भैया, हमारा दिमाग खराब है' गाने पर डांस करते नजर आते हैं। थाने के अंदर यह नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी असहज हो जाते हैं। पुलिस की ओर से वकीलों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे धरना खत्म करने को तैयार नहीं हैं।
70 हजार रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा है मामला
अधिवक्ता बृजेश तिवारी के साथ गाड़ी फाइनेंस कराने के नाम पर धोखाधड़ी हुई थी। आरोप है कि एजेंट ने फाइनेंस कंपनी में रुपये जमा नहीं किए और करीब 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
वकीलों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी से नाराज होकर बड़ी संख्या में वकील आरोपी की गिरफ्तारी और रुपये वापस दिलाने की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। वे अपने साथ बोरिया-बिस्तर लेकर आए और थाना परिसर में ही डेरा जमा लिया।
पुलिसकर्मियों ने वकीलों को समझाने का प्रयास किया। अन्य लोगों को भी बीच-बचाव के लिए बुलाया गया, लेकिन वकील अपनी मांगों पर अड़े रहे। दिन के साथ रात में भी उनका प्रदर्शन जारी है। थाने में वकीलों के इस अनोखे धरने और डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
