प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी कोतवाली क्षेत्र में मिर्जापुर राजमार्ग स्थित तनिष्क शोरूम के बाहर सोमवार देर शाम बाइक सवार दो युवकों ने दहशत फैला दी। युवकों ने शोरूम के बाहर दो बम फेंके और मौके से फरार हो गए। इनमें से एक तेज धमाके के साथ फट गया, जबकि दूसरा मौके पर ही पड़ा रह गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
गार्ड ने सुनाई पूरी घटना
शोरूम के बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रप्रकाश दुबे और अजीत यादव ने बताया कि बाइक से दो युवक आए और शोरूम के बाहर दो बम फेंककर तेजी से भाग निकले। एक बम फटने से तेज आवाज हुई, जबकि दूसरा नहीं फटा।
घटना की जानकारी शोरूम प्रबंधन को दी गई। इसके बाद मैनेजर ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरे बम को पानी डालकर निष्क्रिय कराया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ने के लिए दौड़ाया भी, लेकिन वह भाग निकला।
शोरूम बंद होने से नहीं मिली फुटेज
घटना के समय शोरूम बंद हो चुका था, इस वजह से तत्काल अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को शोरूम खुलने के बाद फुटेज खंगाली जाएगी और उसी के आधार पर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि व्यस्त राजमार्ग पर इस तरह की घटना से दहशत का माहौल है।
चौकी प्रभारी बोले- बम नहीं, पटाखा था
इधर, इस मामले में डीसीपी, एसीपी और इंस्पेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं, चौकी प्रभारी दिवाकर ने बताया कि बम नहीं था, किसी ने पटाखा बजाया था। सीसीटीवी में भी कुछ दिखाई नहीं दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के इस बयान के बाद घटना को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ गार्ड और प्रत्यक्षदर्शी बम फेंकने की बात कह रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस इसे पटाखा बता रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

