10 मिनट में थाना प्रभारी को हाजिर करने का फरमान, वीडियो वायरल
प्रयागराज (राजेश सिंह)। थाना सिविल लाइंस में इन दिनों अधिवक्ताओं का धरना लगातार चर्चा में है। बताया जा रहा है कि कुछ अधिवक्ता पिछले दो-तीन दिनों से थाने के अंदर बैठे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक अधिवक्ता के ऊपर दैवीय शक्ति आने की बात कही जा रही है।
वीडियो में अधिवक्ता को कथित तौर पर उस शक्ति के प्रभाव में थाना प्रभारी रामाश्रय यादव को महज 10 मिनट के अंदर हाजिर करने की बात कहते हुए देखा जा रहा है।
अब सवाल यह है कि यह वास्तव में कोई दैवीय शक्ति का मामला है, भावावेश है या फिर थाने के अंदर कोई अलग ही अदालती कार्यवाही चल रही है?
वैसे पुलिस अधिकारियों को बुलाने के लिए अब तक फोन, वायरलेस और सरकारी आदेश का इस्तेमाल होता आया है। अगर 10 मिनट में हाजिरी लगाने वाली यह नई व्यवस्था प्रमाणित हो गई तो पुलिस महकमे को भी इसके बारे में प्रशिक्षण लेना पड़ सकता है!
हालांकि, वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की सूरज वार्ता पुष्टि नहीं करता। पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
