प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर में बढ़ती बिजली चोरी और लाइनलॉस से परेशान बिजली विभाग ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। विभाग ने सबसे ज्यादा नुकसान वाले 9 उपकेंद्रों को चिह्नित कर लिया है और वहां प्रतिदिन सघन जांच अभियान चलाने का फैसला किया है।
इन फीडरों पर बिजली की खपत और बिलिंग में भारी अंतर सामने आ रहा था, जिससे विभाग को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। इसी को देखते हुए प्रवर्तन दल को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि अब सिर्फ खानापूर्ति वाली चेकिंग नहीं, बल्कि रोजाना कार्रवाई होगी।
दो प्रवर्तन दल, चार टीमें मैदान में
अभियान के लिए प्रवर्तन दल प्रथम और द्वितीय को सक्रिय कर दिया गया है। दोनों दलों की ओर से दो-दो टीमें बनाई गई हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रवर्तन दल प्रथम के प्रभारी शेषनाथ सिंह और द्वितीय के प्रभारी रामसरन मौर्य को इन क्षेत्रों में रोजाना जांच के निर्देश दिए गए हैं। टीमों को साफ कहा गया है कि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान की रोजाना निगरानी होगी।
ये 9 उपकेंद्र हैं निशाने पर
लाइनलॉस वाले फीडरों की सूची में करेली, बमरौली, कसारी-मसारी, नैनी, झूंसी, खुसरोबाग, कल्याणी देवी, बेली और तेलियरगंज उपकेंद्र शामिल हैं। इन उपकेंद्रों से जुड़े उन फीडरों पर विशेष नजर रहेगी, जहां नुकसान सबसे ज्यादा है।
घर, दुकान, कारखाना... सबकी होगी जांच
अभियान के दौरान टीमें घरों, दुकानों, वर्कशॉप, छोटे कारखानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गहनता से जांच करेंगी। मीटर की जांच, कनेक्शन की स्थिति और लोड का मिलान किया जाएगा।
विभाग को शिकायत मिली है कि कई लोग कम क्षमता का कनेक्शन लेकर ज्यादा लोड चला रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर भी अब शिकंजा कसेगा। जहां भी कटिया लगाकर बिजली चोरी, मीटर बाईपास या अन्य अनियमितता मिली, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुखबिर भी रखेंगे नजर, ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन भी रडार पर
बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग ने अब मुखबिरों का भी सहारा लिया है। ऐसे लोगों को लगाया गया है, जो अपने मोहल्ले-गली में चोरी-छिपे बिजली इस्तेमाल करने वालों की सूचना प्रवर्तन दल तक पहुंचाएंगे। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर टीमें तुरंत छापा मारेंगी।
वहीं, शहर में अवैध तरीके से चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशनों पर भी विभाग की नजर है। जांच की जा रही है कि कहां घरेलू या सामान्य व्यावसायिक कनेक्शन से बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे हैं। बिना अनुमति और बिना निर्धारित विद्युत व्यवस्था के चल रहे चार्जिंग प्वाइंटों पर भी कार्रवाई होगी।
बिजली विभाग का मानना है कि जिन फीडरों पर लगातार लाइनलॉस बना हुआ है, वहां चोरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए अब अभियान का दायरा बढ़ाकर इन इलाकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
