Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज : आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भेंट करने आएंगे सीएम योगी, तैयारियां शुरू

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल के अधिवेशन में शामिल होने आए सरसंघ चालक मोहन भागवत से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भेंट करने के लिए गुरुवार को प्रयागराज आ सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन का संभावित कार्यक्रम मंगलवार शाम को जिला प्रशासन के पास आ गया। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। 
संघ प्रमुख भागवत संगम नगरी में 12 अक्टूबर से ही प्रवास कर रहे हैैं। गौहनिया स्थित जयपुरिया कालेज में 16 अक्टूबर से तीन दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए वह आए हैैं। भागवत अधिवेशन के बाद भी कुछ दिन रुकेंगे। इसमें संघ के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैैं। बताते हैैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोपहर में संघ प्रमुख से भेंट करने आएंगे।
सीएम योगी के आने का संभावित कार्यक्रम मंगलवार शाम आ गया। इसको लेकर ही प्रशासन की तैयारियां शुरू हो गईं। डीएम संजय कुमार खत्री शाम को ही गौहनिया पहुंच गए और तैयारियों की कमान संभाल ली। देर रात आइएएस, आइपीएस व अन्य पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई। 
संभावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर विद्यालय परिसर में ही बने हेलीपैड पर उतरेगा। वह दोपहर में आएंगे और लगभग एक घंटे रहेंगे। इस दौरान संघ प्रमुख के साथ मुख्यमंत्री दोपहर का भोजन भी करेंगे। इसके बाद लखनऊ लौट जाएंगे। डीएम का कहना है कि मंगलवार रात तक मिनट-टू-मिनट नहीं आ सका था। वैसे तैयारी पूरी कर ली गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad