प्रयागराज (राजेश सिंह)। अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ रविवार पूरी रात छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया गया। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश चलाए गए इस अभियान में प्रशासन, पुलिस, परिवहन व खनन विभाग के अफसरों की छह टीमें लगाई गई थीं। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय अभियान की मानीटरिंग में थीं।
ज्येष्ठ खनन अधिकारी केके राय ने बताया कि कुल 34 खनन स्थलों पर चेकिंग कराई गई। अवैध खनन करने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं 315 ट्रकों और डंपरों की चेकिंग की गई। इसमें गिट्टी और बालू लदे ओवरलोड 66 ट्रकों व डंपरों को 14 थानों में सीज कराया गया। 43 ट्रकों का चालान भी काटा गया। बिना नंबर के 36 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 36 का चालान काटा गया।
डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने कई इलाकों में चेकिंग करके वाहनों को सीज कराया। खनन निरीक्षक वैभव सोनी ने बताया कि चेकिंग व छापेमारी के दौरान मेजा में जांच टीम के वाहनों के पीछे चार बाइक पर सवार आठ लोगों को पासर गैंग के शक में रोक लिया गया। सभी बाइक एक साथ अधिकारियों के वाहनों के ठीक पीछे कई किमी तक दौड़ी थीं। कागजात और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा गया। हालांकि नशे में होने के चलते पुलिस ने उन्हें फटकार भी लगाई।
इसी तरह घूरपुर में दो कार को भी पासर गैंग के चक्कर में रोका गया और अंदर सघन तलाशी ली गई। करछना में ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक को अधिकारियों ने रोका तो चालक फरार हो गया। छापेमारी और चेकिंग की कार्रवाई सोमवार रात को भी शुरू कराई गई, जो भोर तक चलेगी।
