प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मे चोरों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर को भी नहीं छोड़ा। झारखंड के रांची में कार्यरत न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षत श्रीवास्तव के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के गहने गायब कर दिए। घटना का पता चलने पर अक्षत ने दारागंज थाने में किराएदार राम सिंह और उसके भाई पर शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षत श्रीवास्तव का प्रयागराज शहर के दारागंज स्थित कच्ची सड़क पर पैतृक निवास है। वह अपनी मां व परिवार के सभी सदस्यों के साथ रांची में ही रहते हैं। दो वर्ष से मकान में सिर्फ आना-जाना ही होता है। अक्षत ने पुलिस को बताया कि फरवरी 2020 में उन्होंने इलाहाबाद हाई कोर्ट के संविदाकर्मी राम सिंह को अपने पैतृक मकान का निचला हिस्सा किराए पर दिया था। उसके बगल वाले कमरे में ताला बंद रहता था। राम सिंह से बातचीत भी होती रहती थी। चार दिन पहले उन्होंने घर आने की बात कही तो राम सिंह ने कहा कि वह जौनपुर में मेले में जा रहा है। घर पर उसका भाई मिलेगा। न्यायिक मजिस्ट्रेट जब मकान में पहुंचे तो मेन गेट खुला था। भीतर के कमरों में ताला टूटा था और आलमारी में चाबी लगी थी, लेकिन उसके भीतर रखे जेवरात गायब थे। गहने उनकी मां मीना देवी के थे, जो करीब 40 वर्ष पुराने थे। अक्षत ने चोरी का शक संविदाकर्मी राम सिंह और उसके भाई पर जताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।