कौशांबी (राजेश सिंह)। बाजार से घर जा रही सराय अकिल क्षेत्र की एक विवाहिता को बाइक पर लिफ्ट देने के बाद चकपिनहा गांव के युवक ने पिस्टल सटाकर गोली मारने की धमकी दी और झाड़ियों में खींचकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। मनमानी करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित महिला की शिकायत पर इलाके की पुलिस ने एफआइआर लिखकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सराय अकिल क्षेत्र की एक विवाहिता ने बताया कि मंगलवार को वह खरीदारी के लिए पैदल बाजार गई थी। शाम को वापस लौटते समय रास्ते में चकपिनहा गांव का एक युवक मिला और अपनी बाइक पर घर तक छोड़ने की बात कही। जान-पहचान होने के बाद विवाहिता उसकी बाइक पर बैठ गई। कुछ दूरी पर ले जाने के बाद युवक ने गाड़ी सुनसान क्षेत्र की तरफ मोड़ दी और झाड़ियों के पास ले जाकर उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
गोली मारने की धमकी देते हुए युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। युवक के चले जाने के बाद किसी तरह घर पहुंची विवाहिता ने परिवार वालों को आपबीती सुनाई। बुधवार को पीड़िता ने सरायअकिल पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने कहा कि आरोपित युवक को गिरफ्तार किया जाएगा।