63 करोड़ की लागत से कोरांव स्टेट हाईवे पर हो रहा निर्माण
प्रयागराज (राजेश सिंह)। नारीबारी से कोरांव स्टेट हाईवे पर मवैया गांव के पास टोंस नदी पर बन रहे पुल का काम लगभग छह माह में पूरा हो जाएगा। उप्र राज्य सेतु निगम की ओर से यह पुल लगभग 63 करोड़ रुपये से बनाया जा रहा है। इस पुल के बनने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लगभग दो सौ गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
निर्माणाधीन पुल के बगल में 1952 में बना ब्रिज जर्जर हो चुका है, जिस पर भारी वाहनों का आवागमन दो साल से रोका गया है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर किसानों को ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहन ले जाने में लगभग 30 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। अब यह परेशानी छह माह में दूर हो जाएगी।
निर्माणाधीन पुल जून में तैयार हो जाएगा और जुलाई में इस पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। लगभग 719 मीटर लंबे इस पुल का काम 11 दिसंबर 2020 को शुरू हुआ था। इस पुल के बनने से शंकरगढ़, बारा, जसरा, कौंधियारा, कोरांव, नारीबारी, लेड़ियारी, खीरी क्षेत्र के गांवों के साथ ही मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के गांवों के लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक केएन ओझा ने बताया कि टोंस नदी पर बन रहा यह पुल जून 2023 में तैयार हो जाएगा। इसके बाद इस पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। पुल का निर्माण कार्य दिन-रात कराया जा रहा है।