डीजे को धुन पर महिलाओं ने लगाए ठुमके,मासूम चर्चा का विषय बना
मांडारोड, प्रयागराज (शशिभूषण द्विवेदी)। मांडा ब्लॉक के लक्षन चौकता गांव से कावड़ियों का एक जत्था रविवार सुबह बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। यह 24वां वर्ष है जब गांव से कावड़ियों की टोली बाबा धाम जा रही है। इस बार दो वर्षीय मासूम रौनक मिश्र भी जत्थे में शामिल होकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
गांव भ्रमण के बाद ग्रामीणों ने कावड़ियों को धूमधाम से विदाई दी। गांव की महिलाओं ने डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर नृत्य किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। विदाई के उपरांत, कावड़ियों का जत्था ऊंचडीह रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा बाबा धाम के लिए प्रस्थान किया।
इस जत्थे में विनोद मिश्रा (प्रधान), राकेश यादव, शिवजित, शिवकुमार डेरी, विनोद यादव (ठेकेदार), अवधेश यादव, अखिलेश, कल्लू वर्मा, रामबाबू पटेल, छोटू यादव,दिलीप, सहित बड़ी संख्या में कावड़िए शामिल थे। सभी ने "बोल बम" और "बाबा धाम" के नारे लगाए।
कावड़ियों ने बताया कि वे मंगलवार को जल लेकर पैदल यात्रा के माध्यम से बाबा धाम स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के बाद वे लगभग एक सप्ताह में अपने घर लौटेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 24 वर्षों से इस गांव से लगातार एक टोली बाबा धाम जाती रही है। कावड़ियों ने यह भी बताया कि जब यह परंपरा 51 वर्ष पूरे कर लेगी, तब गांव के सहयोग से एक भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
जत्थे में शामिल दो वर्षीय मासूम रौनक मिश्र ग्रामीणों के बीच विशेष चर्चा का केंद्र रहे। मासूम का कावड़ लिए पैदल स्टेशन की ओर जाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मासूम ग्रामीणों और सोशल मीडिया दोनों पर कौतूहल का विषय बना हुआ है।
