मेजा के भड़ेवरा गांव में "महिला सम्मान समारोह" आयोजित कर मनाया गया सपा सांसद डिम्पल यादव का जन्मदिन
500 वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा महिलाओं को कम्बल व भोजन वितरित कर माँगा दीर्घायु होने का आशीर्वाद
11पाउंड का केक काटा, एवं महिलाओं ने गाये सोहर गीत
मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। समाजवादी पार्टी की नेत्री एवं मैनपुरी की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव का जन्मदिन “महिला सम्मान दिवस" के रूप में रविवार को मेजा क्षेत्र के भड़ेवरा गाँव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर मनाया गया। गाँव की पूर्व प्रधान श्रीमती अनीता सिंह ने 11पाउंड का केक काटकर एक दूसरे को खिलाया वहीं महिलाओं ने सोहर गीत गाकर, ढोल, मंजीरे की थाप पर नाचते -गाते हुए अपने चहेती नेत्री एवं सांसद डिम्पल यादव के लम्बी उम्र तथा राजनैतिक क्षितिज में ऊँचाइयाँ हासिल करने की मंगल कामना की।
कार्यक्रम के कर्ता -धर्ता समाजवादी पार्टी के निवर्तमान प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने क्षेत्र की 500 वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा महिलाओं को कम्बल एवं भोजन पैकेट प्रदान कर उन्हें सम्मानित करते हुए सांसद श्रीमती डिम्पल यादव जी के दीर्घायु होने तथा राजनैतिक ऊंचाईयों का आशीर्वाद माँगा। इस मौके पर नरेंद्र सिंह ने उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि सांसद डिम्पल यादव नारी शक्ति की प्रतीक एवं सौम्यता की प्रतिमूर्ति हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की राजनैतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव मे ऐतिहासिक मतों से जीत हासिल कर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के हाथों को मजबूत किया साथ ही प्रदेश के जनमानस में महिला शक्ति के रूप में उभरी हैं।
नरेन्द्र सिंह ने सपा की पूर्व सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अखिलेश यादव जी ने कन्या विद्या धन, डायल 1090, विधवा पेंशन की राशि में बढ़ोत्तरी, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान की तमाम योजनाओं को लागू कर प्रदेश मे अभूतपूर्व कार्य किया।जिसकी प्रदेश की जनता आज भी तारीफ करती है। इस मौके पर समाजसेवा के क्षेत्र में निष्पक्ष तथा विशिष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट विभूतियों को सपा नेता नरेन्द्र सिंह ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन युवा सपा नेता हिमांशु कुमार सिंह ने किया तथा चर्चित गायक पंडित शिवानन्द शुक्ल ने अपने सुरीले स्वरों से बधाई गीत गाकर कार्यक्रम में शमा बांध दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संदीप यादव पूर्व प्रत्याशी शहर उत्तरी, दान बहादुर मधुर, आर. एन. यादव, ई. विक्रम सिंह, अरबिंद वर्मा, अरुण यादव, तारिक अनवर, गोपाल सागर, पप्पू सिंह, हिमांशू कुमार एडवोकेट, विजय बहादुर कुशवाहा, बाबू नंदन यादव, निशा कुमारी, उर्मिला देवी, विमला देवी, राजन शर्मा, मोहित शर्मा, दुर्गेश शर्मा, छब्बू राम, कल्लू राम शर्मा, प्रमोद शर्मा, मान सिंह, दीपू सिंह,आदि लोग मौजूद रहे।