छह साल पहले ही घर छोड़कर जा चुकी है मां
मिर्जापुर (राजेश सिंह)। मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता ने घिनौना कार्य कर दिया। शनिवार की रात पिता ने सोते समय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। पुत्री के रात में रोने पर लोगों को जानकारी हुई। पंचायत के बाद परिवार के लोगों ने थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की पत्नी छह वर्ष पूर्व पति को छोड़कर चली गई है। आरोपी से दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ा पुत्र बाहर रहकर नौकरी करता है। 14 वर्षीय व सात वर्षीय पुत्रियों व पांच वर्षीय पुत्र के साथ वह रहता है। शनिवार रात वह 14 वर्षीय पुत्री के साथ सो रहा था। दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।
आरोप है कि रात में पिता ने साथ में सो रही पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। रात में नाबालिग पुत्री के रोने की आवाज सुनकर अगल-बगल के लोग व उसके बड़े पिता मौके पर पहुंच गए। किशोरी ने आप बीती सुनाई। इसके बाद बड़े पिता नाबालिग पुत्री को अपने साथ लेकर चले गए और रविवार को ग्राम प्रधान को अपने घर बुलाया।
पंचायत होने के बाद बड़े पिता ने थाने में पहुंच कर आरोपी पिता के खिलाफ पुत्री के साथ दुष्कर्म करने की तहरीर दी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज दीक्षांत राज ने जांच पड़ताल की।
बड़े पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता पर पॉक्सो और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। सीओ लालगंज दीक्षांत राज ने बताया कि पिता ने किशोर पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता के बड़े पिता की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।