प्रयागराज (राजेश सिंह)। आरोपित गैंगस्टर के घर पर दबिश देने के दौरान तोड़फोड़ के मामले में जार्जटाउन चौकी प्रभारी सुमित वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। आरोप है कि दबिश के दौरान आरोपित के घरवालों को अपशब्द कहे गए। सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया गया। आरोपित के घरवालों ने पुलिस अफसर से इसकी शिकायत की, जिस पर जांच की गई। प्रथमदृष्टया आरोप सही मिलने पर चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जार्जटाउन क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति पर पुलिस ने कुछ माह पहले गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की। पिछले दिनों पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची। उस समय आरोपित घर पर नहीं था। घरवालों का आरोप है कि चौकी प्रभारी सुमित वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने अपशब्द कहे। चौकी प्रभारी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और फिर चले गए।
आरोपित के घरवाले पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। कुछ फुटेज भी सौंपे। अधिकारियों ने मामले की जांच कराई और जब प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए तो चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
