प्रयागराज (राजेश सिंह)। आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत सोमवार को प्रयागराज आ रहे हैं और वह करीब 2 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां करीब 15 मिनट आराम करेंगे। उसके बाद सड़क मार्ग से मिर्जापुर के लिए रवाना हो जाएंगे। हालांकि अभी प्रयागराज में उनका कोई विशेष कार्यक्रम नहीं है। संघ के पदाधिकारियों की ओर से भागवत के आने की पूरी तैयारी कर ली गई है लेकिन इसे पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है। भागवत का पिछले 4 महीने में यह तीसरा प्रवास है।
हर 5 साल पर अखिल भारतीय ग्राम विकास प्रभात ग्राम मिलन कार्यक्रम होता है। इस बार 24 से 26 फरवरी तक चित्तौड़ प्रांत के डूंगरपुर जिले के ग्राम भेमई में ये कार्यक्रम हुआ था। इस कार्यक्रम को सरसंघचालक ने भी संबोधित किया था। वहां से अब संघ प्रमुख दिल्ली होते हुए प्रयागराज आ रहे हैं। पहले उन्हें यहां करीब एक घंटे तक संघ कार्यालय में ठहरना था लेकिन कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। वह अब सीधे मिर्जापुर के देवराहा बाबा आश्रम जाएंगे। वहां पर रात्रि विश्राम भी करेंगे।
उसके बाद 28 फरवरी को करीब 9 बजे सड़क मार्ग से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। यहां प्रयागराज के शहर कार्यालय या नैनी स्थित माधव ज्ञान केंद्र के संघ कार्यालय में कुछ देर विश्राम कर सकते हैं। उसके बाद क्षेत्र प्रचारक सहित कुछ अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वह करीब 11 बजे बमरौली के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां से दोपहर 2:30 बजे विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
अक्टूबर 2022 में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत प्रयागराज के गौहनिया में आए थे। यहां वात्सल्य परिसर में स्थित जयपुरिया स्कूल में अब तक का सब से बड़ा दस दिन का प्रवास किया था। वह 16 से 19 अक्टूबर तक हुए अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में शामिल हुए थे। इस आयोजन में शामिल होने के लिए वह 12 अक्टूबर को ही जनपद में आ गए थे। यहां उन्होंने अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। उसके बाद नवंबर में भी अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम में आना हुआ था।