गत बृहस्पतिवार से थे लापता, पैसे की लेनदेन को लेकर लिखा था सुसाइड नोट
नैनी, प्रयागराज (राजेश सिंह)। गुरुवार सुबह घर से निकले कौँधियारा निवासी सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर राकेश मिश्रा उर्फ गुड्डू का सोमवार को पुराने यमुना पुल के एक पेड़ में फंदे में लटकता शव मिला है। उनकी बाइक से बृहस्पतिवार को उनका मोबाइल, आईडी कार्ड व सुसाइट नोट मिला था। इसमें उन्होंने उधार दिए हुए 57 लाख रुपये वापस न मिलने की बात लिखी थी। हालांकि पुलिस उनके मोबाइल की रिकार्डिंग व सीडीआर निकलवाकर जांच में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार कौंधियारा निवासी राकेश मिश्रा उर्फ गुड्डू पुत्र स्व. बद्रीनाथ बृहस्पतिवार सुबह घर से गंगा प्रदूषण इकाई नैनी-1 में स्थित माडर्न वीर रेस सिक्योरिटी फोर्स कार्यालय में गार्ड की ड्यूटी चेक करने पहुंचे थे। यहां पर वह अपनी बाइक खड़ी कर उनकी डिग्गी में मोबाइल, आईडी कार्ड व सुसाइड नोट रखकर कही चले गए। शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन ने उनकी खोजबीन करते हुए गंगा प्रदूषण इकाई पहुंचे तो उनकी बाइक की डिग्गी में सुसाइड नोट देखकर सभी परेशान हो गए। सूचना पर पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज का खंगाते हुए शुक्रवार को नदी में गोताखोरों को भी तलाश के लिए उतारा था। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। सुसाइट नोट में उन्होंने उधार दिए हुए 57 लाख रुपये न मिलने को लेकर परेशान होेने की बात लिखी थी। साथ ही इसकी रिकार्डिंग अपने मोबाइल में होने की भी बात लिखी थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए मोबाइल की सीडीआर व लॉक खुलवाकर उसमें मौजूद रिकार्डिंग की जांच में जुटी थी। इसी बीच सोमवार सुबह उनका शव पुराने यमुना पुल के नीचे एक पेड़ में फंदे पर लटकता मिला। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में लगातार लापरवाही कर रही थी। बृहस्पतिवार को ही पुलिस को सुसाइड नोट दे दिया गया था इसके बाद भी पुलिस उनकी खोजबीन पर लापरवाह बनी हुई थी।

