प्रयागराज (राजेश सिंह)। घूरपुर थाना क्षेत्र के करमा पुलिस चौकी अंतर्गत मछली बाजार बलापुर में रविवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के सदस्यों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
बताया गया है कि बलापुर निवासी 45 वर्षीय सुरेश चंद्र भारतीया पुत्र स्वर्गीय नंदलाल भारतीया रविवार भोर में करीब चार बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। सुबह लगभग छह बजे जब मछली बाजार में सफाई के लिए सफाईकर्मी पहुंचा तो उसने सड़क के किनारे सुरेश चंद्र का शव पड़ा देखा। सफाईकर्मी ने तत्काल बलापुर प्रधानपति राजेंद्र पथिक को फोन करके जानकारी दी।
कुछ ही देर में वहां प्रधानपति के साथ सुरेश चंद्र के परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद प्रधान पति द्वारा करमा चौकी को फोन करके घटना से अवगत कराया गया। करमा चौकी प्रभारी ने घूरपुर थाना प्रभारी को सूचना दी। थाना प्रभारी तथा एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुरेश चंद्र चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। पहले वह राजगीर मिस्त्री का काम करता था, जबकि कुछ समय से स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण मछली बाजार बलापुर में गुटका-पान की दुकान खोला था। उसके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। सुरेश चंद्र के परिवार के लोगों और बलापुर प्रधानपति राजेंद्र पथिक से बात किया तो उन्होंने बताया पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर तहरीर दी जाएगी।