प्रयागराज (राजेश सिंह)। उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी असद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना मिलने के बाद पुराने शहर में कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की साजिश रची थी। इसकी भनक लगते ही शुक्रवार रात में ही पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया। एडीजी जोन भानु भास्कर ने मोर्चा संभाला। शनिवार सुबह से ही एडीजी जोन, पुलिस आयुक्त रमित शर्मा, आईजी रेंज चंद्र प्रकाश पुलिस फोर्स के साथ अति संवेदनशील इलाकों में भ्रमण करते रहे। राजरूपपुर, चकिया, कसारी-मसारी, धूमनगंज इलाके में विशेष नजर रही। पुलिस कंट्रोल रूम से भी पल-पल की निगरानी की जा रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर पैरामिलिट्री फोर्स को रिजर्व में रखा गया था। पुलिस अफसर बीते 10 जून को हुए अटाला बवाल को याद कर ज्यादा सतर्क रहे। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही थी। असद के मारे जाने के बाद खुफिया एजेंसियां भी पल-पल की रिपोर्टिंग कर रही थीं।