प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रांतीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ संबद्ध (एआईपीटीएफ) सुशील कुमार पांडेय के निर्देश दिनांक 09 फरवरी 2023 के अनुपालन में एवं मांडलिक मंत्री प्रयागराज मंडल अरविंद कुमार मिश्र के निर्देशानुसार चुनाव अधिकारी अजय कुमार सिंह जिला कोषाध्यक्ष प्रयागराज द्वारा विकास खंड कौधियारा के परिषदीय शिक्षकों का अधिवेशन संकुल भवन नौगवां, कौधियारा मे शुक्रवार 14 अप्रैल को संपन्न कराया गया। भारी संख्या में पधारे शिक्षकों ने विकास खंड में सांगठनिक गतिविधियों की शून्यता पर क्षोभ व्यक्त किया, साथ ही एक सशक्त ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन पर जोर दिया, जिससे कि शिक्षक हित के कार्यों को गति दी जा सके।
चुनाव अधिकारी अजय सिंह द्वारा अध्यक्ष, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष पदों हेतु नामांकन कराया गया जिसमें अध्यक्ष पद हेतु शत्रुघ्न प्रसाद शुक्ल का, मंत्री पद हेतु रतन कुमार शर्मा का तथा कोषाध्यक्ष पद हेतु रामसजीवन का एक-एक प्रस्ताव आया। एकल प्रस्तावों की दशा में चुनाव अधिकारी ने शत्रुघ्न प्रसाद शुक्ल को ब्लॉक अध्यक्ष, रतन कुमार शर्मा को ब्लॉक मंत्री एवं रामसजीवन को ब्लॉक कोषाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया। तीनों निर्वाचित पदाधिकारियों ने आपसी सहमति से अयोध्या प्रसाद सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बबउ प्रसाद विश्वकर्मा को उपाध्यक्ष, चंदन सिंह को संयुक्त मंत्री, विक्रम सिंह को संगठन मंत्री, आलोक सिंह व प्रदीप कुमार को प्रचार मंत्री नियुक्त किया, शेष पदों पर ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा बाद में नियुक्ति की जाएगी। अंत में मांडलिक मंत्री एवं वरिष्ठ शिक्षकों धनंजय कुमार ओझा, राजधर दुबे, रमेश पांडे द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं नवीन दायित्व हेतु शुभकामना दिया गया।