सपा नेता ने की सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
प्रयागराज (राजेश सिंह)। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को नवनियुक्त कोरांव विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य मनोनीत पार्टी पदाधिकारियों का कोरांव स्थित पार्टी कार्यालय में तथा पदाधिकारियों के घर जाकर स्वागत किया। श्री सिंह ने पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सपा नेता ने प्रदेश और देश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने किसानों और युवाओं के साथ छल किया। केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियां गरीब, किसान और युवा विरोधी हैं। प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते खेती के समय किसानों को पानी नहीं मिल रहा जिससे वह धान की रोपाई नहीं कर पा रहे और धान का कटोरा सूखे की मार झेल रहा है। नहरों में पानी छोड़ने का कोई रोस्टर ही नहीं है। भाजपा की तानाशाह सरकारों द्वारा जनता के साथ किये जा रहे वादाखिलाफी के विरोध में आवाज उठानी होगी। जनता महँगाई की मार से कराह रही है। गरीब और मध्यम वर्ग को परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। निवर्तमान प्रदेश सचिव ने क्षेत्र के किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं को भी जाना। उन्होंने प्रदेश सरकार से कोरांव क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। सपा नेता ने कहा कि भाजपा के कुशासन से परेशान जनता अखिलेश यादव के सपा शासनकाल को याद कर रही है। श्री सिंह ने पदाधिकारियों से अपील किया कि सभी लोग मिलकर पार्टी की नीतियों एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा सपा सरकार के दौरान जनहित में किये गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि सदस्य संख्या तथा संगठन को विस्तार देते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करना ही हम सभी का लक्ष्य है। सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्त्ताओं ने एकजुटता का संकल्प लिया। इस अवसर पर नव मनोनीत विधानसभा अध्यक्ष सोमदत्त पटेल, जिला उपाध्यक्ष एवं कोरांव प्रभारी राजेश पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष ललन सिंह पटेल, जिला सचिव दिनेश पटेल, नगर अध्यक्ष मेहताब खां, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामदेव निडर, राधेश्याम यादव, डा.रामप्रवेश कुशवाहा रामानुजन यादव, लालजी पाल निराला,दीपक पटेल अशोक विद्यार्थी, यादवेन्द्र अहिर आदि लोग मौजूद रहे।