एसडीएम और तहसीलदार ने उनके चित्र पर चढ़ाए फूल
मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा तहसील में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। तहसील मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। एसडीएम और तहसीलदार द्वारा देश की अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शपथ ली गई उसके बाद प्रभात फेरी निकाली गई।
तहसील मुख्यालय पर एसडीएम अमित कुमार गुप्ता ने झंडारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों ने तहसील सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। एसडीएम ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य अहिंसा के पुजारी थे। सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूज्य बापू हम सबके प्रेरणा स्रोत हैं। हमें उनके विचारों का अनुसरण करना चाहिए। तहसीलदार नीलम उपाध्याय ने देश की आजादी में महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी व्यक्ति नहीं विचारधारा है। इनके दिखाए गए सत्य और अहिंसा के मार्ग को पूरी दुनिया में सराहा जाता है। इस मौके पर तहसील के समस्त लेखपाल, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उसके बाद तहसील मुख्यालय से प्रभात फेरी निकाली गई।