प्रयागराज (राजेश सिंह)। संगम नगरी में पिछले कुछ दिनों से मौसम अपना तेवर दिखा रहा है। अचानक से न्यूनतम तापमान में आयी गिरावट ने गलन को बढ़ा दिया है। ठंड बढ़ने के साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी पिछले कुछ दिनों से तेजी से बढ़ा है। प्रयागराज में बृहस्पतिवार की सुबह घने कोहरे की चादर से ढंकी रही। दिन भर भगवान भास्कर के दर्शन नहीं हुए। रूम हीटर, अलाव और रजाई में लोग दुबके रहे। दो दिनों से दोपहर में धूप के दर्शन हो जाते थे, लेकिन आज दिन भर घने कोहरे की चादर से शहर ढंका रहा।
धूप नहीं निकलने से ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। घने कोहरे का असर यातायात पर भी दिखा। कोहरे के कारण सड़क पर चलने वाले परेशान हुए। वहीं कोहरे के चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। शहर की हवाई सेवा भी इससे अछूती नहीं रही। कई उड़ानों के समय में विलंबित रही।
रात होते ही घने कोहरे ने शहर को फिर से अपनी आगोश में ले लिया। इसके साथ ही गंगा-यमुना के कछारी इलाकों में कोहरे के चलते दस कदम की दूरी पर भी देखना मुश्किल था। ठंड से बचाव के लिए नगर निगम की तरफ से 38 रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है। शहर और विस्तारित क्षेत्रों में अलाव की विशेष व्यवस्था की गई है। नगर निगम के मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि तैयार कराए गए रैन बसेरों में दस स्थायी और 28 अस्थायी रैन बसेरा तैयार कराया गया है। शहर में महिलाओं के लिए विशेष रूप से पिंक रैन बसेरों का निर्माण किया गया है।
शहरियों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम की तरफ से शहर में 135 स्थानों पर अलावा जलाया जा रहा है। इसमें मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि शहर के मरकरी चौराहा, खुल्दाबाद, कर्बला पुलिस चौकी, धर्मवीर मूर्ति चौराहा, टीपी नगर, मछली मंडी तिराहा लूकरगंज, मीरापट्टी वार्ड आफिस, मुंंडेरा, जीरो रोड बस अड्डा, लीडर रोड, पीडी टंडन पार्क, लोहिया मार्ग, हिंदू हॉस्टल समेत अन्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।