मिर्जापुर (राजेश सिंह)। बिहार से विंध्याचल दर्शन-पूजन करने आए दर्शनार्थी राकेश पांडेय को रविवार की सुबह मंदिर जाते समय अचानक सीने में दर्द होने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। विंध्य पंडा समाज के कोषाध्यक्ष तेजन गिरी आदि लाेगों ने आटो रिक्शा बुलाकर दर्शनार्थी को सीएचसी विंध्याचल ले गए, जहां चिकित्सक ने उनको देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक एसके सिंह ने बताया कि दर्शनार्थी की हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका है।
बिहार प्रांत के जिला जमुई क्षेत्र के नीमनेवादा मोहल्ला के रहने वाले राकेश पांडेय अपनी पत्नी निर्मला देवी के साथ शनिवार की सुबह विंध्याचल दर्शन पूजन करने के लिए आए थे। वह एक पुरोहित के यहां रुके थे।
रविवार की सुबह पांच बजे वह पत्नी के साथ गंगा स्नान करने पक्का घाट पर गए थे। स्नान के बाद लौटते समय उनके सीने में दर्द होने लगा, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसी बीच विंध्याचल में ठहरे झारखंड के धनबाद के रहने वाले अपने मित्र सुरेश पांडेय से मिलने चले गए। वहां दोस्त से मिलकर मंदिर दर्शन पूजन को लौट रहे थे कि अचानक सीने में दर्द बढ़ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। यह देख पुरोहित तेजन गिरी आदि लोग उनको सीएचसी विंध्याचल ले गए।
मृतक की पत्नी ने बताया कि वह ब्लड प्रेशर के पहले से ही मरीज थे। यहां आने पर उनके सीने में हल्का हल्का दर्द हो रहा था। इसके बारे में उन्होंने बताया, लेकिन अधिक ध्यान नहीं दिया। इसी बीच दर्द बढ़ा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। सुरेश पांडेय ने बताया कि वह तीन वर्ष से उनके मित्र थे।