प्रयागराज (राजेश सिंह)। पूर्व आईपीएस रामेंद्र विक्रम सिंह समेत 17 पर धोखाधड़ी, जालसाजी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी उमा सिंह का आरोप है कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर सोसायटी को नुकसान पहुंचाने व धन के दुरुपयोग के लिए जाली दस्तावेज तैयार किए गए। कोर्ट के आदेश पर शिवकुटी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।
वादिनी बाघम्बरी गद्दी, अल्लापुर की निवासिनी हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि वह श्री बलराम शैक्षिक एवं समाज सुधार समिति, सिरहरी मेजा, प्रयागराज की सचिव हैं। समिति बलराम सिंह स्मारक महाविद्यालय, दिघारगढ़, बलिया संचालित करती है और वह उसकी प्रबंधिका भी हैं। आरोप लगाया कि रामेंद्र विक्रम सिंह निवासी नेहरू एन्क्लेव, विश्वास खण्ड-3 लखनऊ, वर्तमान पता बाघम्बरी गद्दी अल्लापुर, ने अपने 16 सहयोगियों के साथ मिलीभगत करके बेईमानी की मंशा से उनके फर्जी हस्ताक्षर करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
इसके अलावा 2017-2018, 2018-2019, 2019- 2020, 2020-2021, 2021-2022 और 2022-2023 के लिए सोसाइटी के सामान्य निकाय के सदस्यों की एक सूची तैयार की। इसमें उनके फर्जी हस्ताक्षर करके 16 सदस्यों के साथ षडयंत्र करके फर्जी दस्तावेज बनाया। साथ ही सहायक रजिस्ट्रार के कार्यालय में जमा कराए। इन दस्तावेजों को सोसायटी के सदस्यों व पदाधिकारियों को धोखा देने, सोसायटी को नुकसान पहुंचाने, धन का दुरुपयोग करने आदि के लिए तैयार किया गया। इसकी सूचना एसएचओ शिवकुटी समेत तमाम अफसरों को देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट से गुहार लगाई। शिवकुटी प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।