एक युवक द्वारा नाबालिग के साथ बलात्कार के प्रयास मामले में दरोगा निलंबित
प्रयागराज (राजेश सिंह)। यमुनानगर के कोरांव में एक दरोगा की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लापरवाही पर दरोगा सुमित आनन्द को निलंबित कर दिया गया है। 4 मार्च को होली के दिन कोरांव थाना क्षेत्र के एक गांव में पशुओं को चारा देने गई एक नाबालिग लड़की को गांव का ही एक युवक जबरन अपनी बाइक से उठा ले गया और सूनसान जगह पर ले जाकर नाबालिग लड़की को मार-पीट कर उसके शरीर के सारे कपड़े उतार दिए और उसके साथ छेड़खानी करने और बलात्कार का प्रयास करने लगा। नाबालिग लड़की किसी तरह अपने कपड़े लेकर भागी और दूसरे खेत में छिपकर वह अपने कपड़े पहने और घर पहुंच आपबीती बताई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तीन दिनों तक पीड़ित थाने का चक्कर लगाता रहा। लेकिन दरोगा ने मामले में लापरवाही कर दी। पीड़ित न्याय के लिए डीसीपी यमुनानगर के यहां पहुंचा। डीसीपी यमुनानगर ने तत्काल एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय को कार्रवाई के लिए आदेशित किया। एसीपी मेजा की जांच में दरोगा की लापरवाही पाई गई। जिससे उसे निलंबित कर दिया गया। डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी थाने पर पहुंचता है तो उसके मामले को संज्ञान में लेकर जांच पड़ताल करते हुए न्यायोचित कार्रवाई करें।
