प्रयागराज (राजेश सिंह)। बमरौली में एयरफोर्स कर्मचारी ने ससुराल में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार को दोपहर बाद हुई। गोली की आवाज सुनकर परिजन सन्न रह गए। मौके पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला तब तक एयरफोर्स कर्मी की मौत हो चुकी थी। घटना का कारण पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से कौशाम्बी के रहने वाले आशीष कुमार (30) एयरफोर्स में कार्यरत थे। उनकी ससुराल बमरौली में थी। उनकी तैनाती वर्तमान में पश्चिम बंगाल में थी। कुछ दिन पहले ही वह अवकाश लेकर आए थे। शुक्रवार को ससुराल आए थे। कमरे में जाकर उन्होंने खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज पर परिजन मौके पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो उनकी मौत हो चुकी थी। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि पत्नी से उनका विवाद चल रहा था।