Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत पांच पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

SV News

मिर्जापुर (राजेश सिंह)। सड़क हादसे में हुई रोजगार सेवक की मौत मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी और पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार दुबे सहित पांच लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मड़वा नेवादा गांव निवासी 30 वर्षीय राजीव मौर्य गांव में रोजगार सेवक थे। वे बुधवार को ग्राम पंचायत के काम से बाइक से लालगंज ब्लाॅक मुख्यालय जा रहे थे। दोपहर बाद ब्लाॅक जाते समय पतुलखी गांव के पास किसी वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। लालगंज थाना क्षेत्र के कलवारी गांव निवासी भाई संजय कुमार मौर्य ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके भाई राजीव मौर्य को कई बार जान से मारने की धमकी मिली थी। आशंका है कि कार से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र दुबे, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष दुबे तथा अमरेश दुबे द्वारा दुर्घटना कर जान ले ली। लालगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसे में राजीव मौर्य की मौत हो गई थी। इस मामले में राजीव के भाई द्वारा अज्ञात चालक और चार लोगों के खिलाफ जान से मारने की आशंका जताई गई है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad