मेजा, प्रयागराज (श्रीकांत यादव/विमल पाण्डेय)। इलाकाई थाना क्षेत्र के उरुवा में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। जिससे एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि साथ रहा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात करीब सवा दस बजे मेजा थाना क्षेत्र के बिसहिजन खुर्द गांव निवासी अश्विनी बिंद पुत्र वंशीलाल बिंद अपने साथी गांव के ही अमन बिंद पुत्र धर्मेन्द्र बिंद के साथ बाइक से अपने दादा को खाना लेकर मेजारोड गया था। वह वापसी में उरुवा होते हुए जैसे ही भड़ेवरा गांव के समीप प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे दोनों छिटककर सड़क पर जा गिरे। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अश्विनी बिंद को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि साथी अमन बिंद गंभीर रूप से घायल है जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से वहां भारी भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना से किशोर के घर पर कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे हैं।