दिल्ली में वोटिंग कुछ देर बाद, 699 उम्मीदवारों का फैसला करेंगे 1.56 करोड़ मतदाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने विधानसभा चुनावों के लिए होने वाले मतदान को फ्री, बिना डर और शांतिपूर्ण कराने का दाव किया है। दिल्ली पुलिस के दिल्ली विस चुनावों के नोडल अफसर व विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार दोपहर तीन बजे तक पोलिंग पार्टियां पोलिंग स्टेशनों में पहुंच गई थीं। देर रात तक सभी पोलिंग पार्टियां पोलिंग स्टेशनों में पहुंच जाएंगी।
कई उम्मीदवार ऐसे हैं जो खुद को ही वोट नहीं दे पाएंगे। इसकी वजह यह है कि जिस सीट से वे चुनाव लड़ रहे हैं। उस क्षेत्र में वे रहते नहीं हैं। ऐसे में वे अपनी पार्टी के उम्मीदवार को तो वोट दे सकेंगे, लेकिन खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। प्रमुख दलों की बात करें तो कालकाजी सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी मतदाता तुगलकाबाद के हैं। कांग्रेस से चुनाव लड़ रही अलका लांबा मादीपुर की मतदाता हैं, लेकिन वे चुनाव कालकाजी से आतिशी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह संगम विहार से भाजपा प्रत्याशी चंदन कुमार चौधरी देवली विधानसभा के मतदाता हैं, लेकिन वे चुनाव संगम विहार विधानसभा सीट से लड़ रहे हैं। इसी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हर्ष चौधरी हैं। वे तुगलकाबाद के मतदाता हैं। इसी तरह करावल नगर से भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा घोंडा विधानसभा के मतदाता हैं। जंगपुरा से आप प्रत्याशी और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। मुस्तफाबाद से भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट करावल नगर के मतदाता हैं। कई अन्य उम्मीदवार भी ऐसे हैं जिनका वोट किसी अन्य विधानसभा में है और चुनाव किसी अन्य विधानसभा से लड़ रहे हैं।
किसी भी मतदाता या मतदान अभिकर्ता को केंद्र के भीतर मोबाइल, वायरलेस सेट आदि ले जाने या उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध कानून व व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, चुनाव ड्यूटी पर तैनात सेक्टर अधिकारियों आदि पर लागू नहीं होगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले दिल्ली पुलिस विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही है। यह डिफेंस कॉलोनी का फुटेज है। दिल्ली विधानसभा के लिए आज मतदान होना है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली वासियों से बुधवार को वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव अगले पांच साल के भविष्य का निर्माण करेगा। यह छुट्टी का दिन नहीं है। ड्यूटी का दिन है। वोट के माध्यम से आप अगले पांच साल के लिए ऐसी सरकार को चुनेंगे तो दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी।
उम्मीदवारों का फैसला करेंगे 1.56 करोड़ मतदाता
दिल्ली में आज 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान है। 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1.56 करोड़ मतदाता करेंगे। 13,766 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। अधिकारियों के मुताबिक, नियत समय 6 बजे तक यदि कोई शख्स लाइन में लगेगा तो वह मतदान कर सकेगा। इसके लिए अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।