पेशावर, एपी। अफगानिस्तान और पाकिस्तान सुरक्षा बलों के बीच झड़प होने के बाद दोनों ओर रहने वाले निवासी भाग कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण सीमा चौकी तोरखम में लगातार दूसरे दिन गोलीबारी हुई है। दोनों देशों के बीच विवाद के कारण 21 फरवरी से सीमा चौकी बंद है।
सोमवार की रात हुई गोलीबारी
अपना नाम जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर पाकिस्तान के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार पूरी रात गोलीबारी हुई। इससे सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोग भयभीत हो गए। दोनों तरफ के बल एक दूसरे पर हल्के और भारी हथियारों से फायरिंग कर रहे थे इसलिए क्षेत्र के निवासी सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले। मंगलवार सवेरे गोलीबारी बंद हो गई। स्थिति अभी तक तनावपूर्ण बनी हुई है और अत्यंत सतर्कता बरती जा रही है।
चमन और तोरखम सीमा बंद
संघर्ष में पाकिस्तान के तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। किसी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। काबुल में गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने मंगलवार को कहा कि अधिकारी वार्ता के माध्यम से मुद्दे का समाधान करने का अपना प्रयास जारी रखेंगे। दोनों देश इससे पहले गोलीबारी और क्रास फायरिंग के कारण तोरखम और दक्षिण पश्चिमी चमन सीमा चौकी बंद कर चुके हैं।
ये दोनों चौकियां पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच व्यापार एवं यात्रा के लिए महत्वपूर्ण हैं। रमजान के दौरान पाकिस्तान से अफगानिस्तान में खाद्य पदार्थों का आयात अत्यधिक रहता है। सीमा बंद रहने से सीमा क्षेत्र के निवासियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।