वर्तमान व पूर्व प्रधान में वर्चस्व की लड़ाई, किसान नेता, पुत्र और भाई की गोली मारकर हत्या
फतेहपुर (राजेश सिंह)। फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई में गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इसमें थाना क्षेत्र के अखरी गांव में वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। इसमें प्रधान पक्ष से तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से जनपद में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पर पुलिस के अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि रास्ते से निकलने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई। पुलिस जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। हथगाम थानाक्षेत्र के तहिरापुर चौराहे के पास बाइक सवार किसान नेता पप्पू सिंह (50), उनके पुत्र अभय सिंह (22) व छोटे भाई रिंकू सिंह (40) की ट्रैक्टर सवार हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। गांव के ही रहने वाले पूर्व प्रधान मुन्नू सिंह व साथ रहे लोगों द्वारा घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है। मौके पर हथगाम, हुसेनगंज व सुल्तानपुर घोष थाने का पुलिस फोर्स पहुंच गई है।
किसान नेता पप्पू सिंह की माताजी रामदुलारी सिंह वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। मौके पर एकत्र भीड़ की मांग है कि फरार हत्यारोपितों को गिरफ्तार किया जाए, उसके बाद शव उठाने देंगे।