प्रयागराज (राजेश सिंह)। सावन माह की शुरुआत से पहले ही प्रशासन ने कावड़ यात्रा और शिव मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रयागराज ने यमुना किनारे स्थित प्रसिद्ध श्री मनकामेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया।
यह मंदिर सावन के महीने में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है, जहां दूर-दराज से लोग भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, जल आपूर्ति, श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्ग, मेडिकल सुविधा, पुलिस व्यवस्था और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए कोई चूक न हो और हर व्यवस्था समय से पूर्व सुनिश्चित कर ली जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से ब्रह्मचारी श्रीधरानंदाचार्य जी महाराज ने जिलाधिकारी को मंदिर की व्यवस्थाओं की जानकारी दी और बताया कि हर वर्ष सावन में श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक होती है, ऐसे में प्रशासनिक सहयोग अत्यंत आवश्यक होता है।
ब्रह्मचारी श्रीधरानंदाचार्य जी महाराज ने यह भी बताया कि जिलाधिकारी ने पूरी संवेदनशीलता के साथ निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न हो। मंदिर प्रशासन ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल प्रशासनिक विश्वास बढ़ता है बल्कि श्रद्धालुओं को भी एक सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिलता है।
प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों से साफ है कि इस बार सावन के पावन मास में मनकामेश्वर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।