प्रयागराज (राजेश सिंह)। स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में ब्लड सैंपल लेने को लेकर जूनियर डॉक्टरों और मरीज के तीमारदारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया।
कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के चिकवन का पूरा के रहने वाले राकेश चौधरी दो दिन पहले मारपीट में घायल होकर जिला अस्पताल से एसआरएन रेफर किए गए थे। उन्हें हड्डी रोग विभाग के वार्ड नंबर-2 में भर्ती किया गया। करीब साढ़े पांच बजे दो जूनियर डॉक्टर वार्ड में राकेश के ब्लड सैंपल लेने पहुंचे। आरोप है कि मरीज के तीमारदार प्रदीप दिवाकर और रिश्तेदार कमल चौधरी ने सैंपल देने से साफ मना कर दिया।
बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हुई और देखते ही देखते लात-घूसों की मारपीट शुरू हो गई। इसमें दोनों डॉक्टरों के साथ प्रदीप और कमल को भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर एसआरएन चौकी पुलिस और अस्पताल के डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची।
चौकी प्रभारी आनंद यादव ने दोनों पक्षों को काफी समझाबुझाकर शांत किया। उन्होंने बताया कि ब्लड सैंपल लेने लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई होगी।
