पहली तिमाही में 422 करोड़ की कमाई, 130 रेलकर्मी सम्मानित
प्रयागराज (राजेश शुक्ल)। प्रयागराज मंडल रेल कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस और भारत स्काउट-गाइड की परेड का निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने मंडल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मंडल ने 1.9 करोड़ यात्रियों का परिवहन किया। इस दौरान 422.92 करोड़ रुपए की आय अर्जित की गई। मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपाल दर 81 प्रतिशत रही।
यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए। 13 जोड़ी ट्रेनों को गोविंदपुरी स्थानांतरित किया गया। 2 जोड़ी ट्रेनों की अधिकतम गति 110 से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा की गई। कई ट्रेनों में एलएचबी रेक लगाए गए।
सुरक्षा के लिए 2 समपार फाटक बंद किए गए। 706 लंबी दूरी की लॉन्ग हॉल ट्रेनें चलाई गईं। संरक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए 69 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। इन्फ्रास्ट्रक्चर में 7 नए पैदल पुल बनाए गए। 46 पुलों का पुनर्वासन किया गया।
2340 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण हुआ। चुनार-चोपन सेक्शन की गति बढ़ाकर 90 किमी प्रति घंटा की गई। 16 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति हुई। मंडल के अधिकारी, कर्मचारी और यूनियन प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।
