करछना प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर पचदेवरा गांव के सामने गुरुवार भोर में अधेड़ सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था। अनुमान लगाया गया कि उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। ग्रामीणों ने पुलिस की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करछना भेजा, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोरांव के देवघाट निवासी था मजदूर
मरने वाले की पहचान कोरांव थाना क्षेत्र के देवघाट नई बस्ती निवासी 54 वर्षीय धर्मपाल पुत्र मुन्नीलाल के रूप में हुई। वह मजदूरी करता था। जानकारी होने पर बिलखते पहुंचे स्वजन ने बताया कि बुधवार को बगल के गांव के ठेकेदार व तीन अन्य मजदूरों के साथ धर्मपाल दिल्ली मजदूरी के लिए निकला था।
शहर से वापस लौटते समय हादसा
परिवार के लोगों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे सभी लोग शहर पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद उनका मन बदल गया और वे सरकारी बस से घर लौटने लगे। इसी दौरान धर्मपाल पचदेवरा गांव के सामने बस से उतर गया और अपने साथियों से कहा कि वह दूसरे साधन से आएगा।
करछना थाना प्रभारी बोले- वाहन की की जा रही तलाश
सुबह ग्रामीणों ने उसे सड़क किनारे घायल देखा। पुलिस का कहना है कि हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है। थाना प्रभारी अनूप सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और वाहन की तलाश की जा रही है। धर्मपाल चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो बेटे ऊदल और सुगन तथा तीन बेटियां हैं। पत्नी श्यामा देवी और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।