प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम तट पर तीन जनवरी 2026 से माघ मेला शुरू हो रहा है। तीन जनवरी से 15 फरवरी तक यानी माघ मेला की पूर्ण अवधि तक हर 15 मिनट पर रोडवेज बसें चलेंगी। अभी रोजाना 970 बसें चल रही हैं, लेकिन मेला शुरू होते ही यह संख्या 1800 हो जाएगी।
मुख्य स्नान पर्वों पर तो 2800 से ज्यादा बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। झूंसी, सिविल लाइंस और लेप्रोसी बस स्टेशन पर 200 बसें रिजर्व रखी गई हैं, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत उपलब्ध होंगी।
मुख्य स्नान पर्व के अलावा अन्य दिनों में सिविल लाइंस, जीरो रोड बस स्टेशन से ही बसें संचालित होंगी। भीड़ अधिक न होने पर स्थायी बस अड्डे से ही बसों का संचालन होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार कहते हैं, “बसों का आवंटन पूरा हो चुका है। श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कत नहीं आएगी।”
1800 बसों का संचालन प्रतिदिन होगा
200 बसे रिजर्व होंगी
2800 बसें स्नान पर्व पर चलेंगी
100 बस लखनऊ, अयोध्या, कानपुर मार्ग के लिए रिजर्व
100 बसें सिविल लाइंस बस अड्डे पर रिजर्व रहेंगी
