वसंत की वीणा पर गूंजा मां शारदे का स्वर
शनिवार, जनवरी 24, 2026
0
लखनऊ (राजेश सिंह)। नवऋतु वसंत के स्वागत में शुक्रवार को लखनऊ शहर उत्सव और आस्था के रंगों में रंगा नजर आया। शहर के कोने-कोने में सामाजिक संगठनों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों ने वसंत उत्सव का भव्य आयोजन किया। विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कहीं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन हुआ तो कहीं पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यार्थियों ने ज्ञान, विवेक और सफलता की कामना की। पीले वस्त्रों और फूलों से सजे प्रांगणों में वसंत की खुशबू बिखर गई। कार्यक्रमों के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव में रंग भरा, वहीं भंडारों में श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। शिक्षण संस्थानों में सरस्वती वंदना की मधुर धुनें गूंजीं और ज्ञान के दीप प्रज्वलित हुए। वसंत के आगमन के साथ ही लखनऊ ने एक बार फिर परंपरा, संस्कृति और सामूहिक उल्लास की सुंदर तस्वीर पेश की।
Tags