Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज में खिलौनों के गोदाम में मिला 3.5 क्विंटल पटाखों का जखीरा

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। दीपावली से पहले खिलौनों के बीच मौत का सामान छिपाकर रखा गया था। बाहर से खिलौनों का गोदाम दिखने वाली जगह के अंदर 3.5 क्विंटल पटाखों का जखीरा मिला। पुलिस ने जब गोदाम की तलाशी ली तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। बरामद पटाखों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पटाखों को खिलौनों के बीच छिपाकर स्टोर किया गया था। पुलिस ने गोदाम से पटाखे तो कब्जे में ले लिए, लेकिन उसका मालिक और उसका भाई मौके पर नहीं मिले। दोनों की तलाश की जा रही है।

खिलौनों की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार

sv news
मामला गंगानगर के सोरांव कस्बे का है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीपावली को देखते हुए पुलिस अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सोरांव कस्बे में भारी मात्रा में पटाखों की खेप पहुंची है। इसे एक गोदाम में छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह सोरांव थाने की फोर्स के साथ बताए गए ठिकाने पर पहुंचीं। यहां संगम पटवा की खिलौने की दुकान के गोदाम की तलाशी ली गई।

बड़ी खेप देख पुलिस भी रह गई हैरान

गोदाम के अंदर तलाशी शुरू हुई तो खिलौनों के बीच बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले। शुरुआती जांच में इनका वजन 3.5 क्विंटल आंका गया है। बरामद पटाखों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर मौजूद कर्मचारी से पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को कब्जे में ले लिया।

बड़ा सवाल, कहां से मंगाए पटाखे ?

छापेमारी के दौरान गोदाम में केवल एक कर्मचारी मौजूद था। दुकान मालिक संगम पटवा और उसका भाई अभय पटवा मौके पर नहीं मिले। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से मंगाए गए थे और इन्हें किन इलाकों में बेचने की तैयारी थी। पुलिस की जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि खिलौनों के कारोबार की आड़ में पटाखों का भंडारण कब से किया जा रहा था। बरामद पटाखों की किस्म, उनकी आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी छानबीन की जा रही है।

एक दिन पहले ही क्राइम मीटिंग में कसे गए थे पेच

दीपावली के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसे लेकर एक दिन पहले ही क्राइम मीटिंग में आला अफसरों ने जिले भर के थानेदारों के पेच कसे थे। अफसरों का मानना है कि रिहायशी या व्यावसायिक इलाकों में बिना सुरक्षा इंतजाम के बड़ी मात्रा में पटाखे रखना हादसे की वजह बन सकता है। ऐसे में गोदाम से मिली खेप को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

एडीसीपी बोले,

sv news
एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा ने बताया कि मकान की तलाशी में भारी मात्रा में पटाखे मिले हैं। इन्हें अवैध तरीके से स्टोर किया गया था और दीपावली पर मार्केट में खपाने की तैयारी थी। मामले में आरोपी दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत की जा रही है। साथ ही उनकी तलाश भी शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad