Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

राष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी प्रत्यूष राय को जहर देकर मारने का आरोप, भाई ने प्रयागराज में दी दूसरी तहरीर

sv news

प्रयागराज। वालीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की संदिग्ध दशा में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। घरवालों ने अब प्रत्यूष को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। बड़े भाई नितांत ने गुरुवार को इसकी लिखित शिकायत कर्नलगंज थाने में दी। अब पुलिस आरोपों की जांच करते हुए साक्ष्य संकलित करने पर जोर दे रही है।

शुक्रवार तक मामले में मुकदमा दर्ज हो सकता है। पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रत्यूष की मौत संदिग्ध दशा में हुई थी। हास्टल के कमरे में जहर के कारण उनकी मौत होने की जानकारी मिली। इस आधार पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर छानबीन चल रही है।

गाजीपुर जिले के सादियाबाद थाना क्षेत्र के सौरी गांव निवासी अवनी राय का बेटा प्रत्यूष राय राष्ट्रीय स्तर के वालीबाल खिलाड़ी थे। मंगलवार सुबह प्रत्यूष की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। म्योहाल स्थित अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के हास्टल के एक कमरे में उनकी लाश मिली। जूनियर खिलाड़ी जब उन्हें प्रार्थना में बुलाने के लिए गए तो फर्श पर देख हतप्रभ रह गए थे।

आनन-फानन उन्हें बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत बताया। इससे खलबली मच गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ के लक्षण मिलने पर डाक्टरों ने विसरा सुरक्षित किया। उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा।

बुधवार को बड़े भाई नितांत ने कर्नलगंज थाने पहुंचकर संदिग्ध दशा में हुई मौत, कोच की ओर से जानकारी नहीं देने और जांच कर न्याय की मांग करते हुए तहरीर दी थी। उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार की ओर से भेजी गई ‘कड़ी चेतावनी’ और अंतिम चेतावनी की नोटिस को दिखाया और मौखिक रूप आरोप लगाया गया कि प्रत्यूष को हास्टल से निकालने की धमकी दी गई थी। गुरुवार को नितांत ने पुलिस को दूसरी तहरीर दी, जिसमें कई अज्ञात लोगों पर प्रत्यूष को जहर देकर मारने का आरोप लगाया। इसी आधार पर पुलिस प्रकरण की तफ्तीश कर रही है। डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य का कहना है कि खिलाड़ी की मौत के मामले में घरवालों ने अज्ञात लोगों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। प्रकरण की जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलित करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad