Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

थाना निर्माण के लिए आवंटित भूमि पर कब्जा: नारीबारी के सूरवल साहनी गांव में हो रहा अवैध निर्माण

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। बारा तहसील के नारीबारी स्थित ग्राम सूरवल साहनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। यह भूमि वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश गृह विभाग द्वारा पुलिस थाना निर्माण के लिए आवंटित की गई थी। अब इसी भूमि पर कुछ ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत मिली है।
नारीबारी चौकी में शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 20 जून 2022 को गृह विभाग ने ग्राम सूरवल साहनी की इस सरकारी भूमि को पुलिस थाना निर्माण के लिए अधिकृत किया था। इसका उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय लोगों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करना था।
शिकायत के अनुसार, हाल के दिनों में कुछ ग्रामीणों ने इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्के मकान बना लिए हैं। इसके अलावा, कई अन्य लोग भी जमीन पर नींव डालकर निर्माण की तैयारी कर रहे हैं।
इस अवैध कब्जे से न केवल सरकारी योजना प्रभावित हो रही है, बल्कि भविष्य में थाना निर्माण कार्य भी बाधित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो सकता है। ग्रामीणों में इस बात
को लेकर चिंता है कि थाना निर्माण की प्रक्रिया पहले ही विलंबित है और अब अवैध कब्जे से स्थिति और जटिल हो सकती है।
एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम ने इस संबंध में कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण या कब्जा पूरी तरह अवैध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कब्जे को तत्काल हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि जमीन पर अवैध निर्माण पाया गया, तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा इस संबंध में रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad