मेजा, प्रयागराज (श्रीकान्त यादव)। मेजा थाना क्षेत्र के कोहड़ार पुलिस चौकी अंतर्गत बैरहना गांव में गुरुवार सुबह एक अधेड़ का शव धान के खेत के मेड़ पर मिला। युवक की पहचान बैरहना गांव निवासी प्रेमचन्द्र यादव (55) पुत्र बृज नारायण यादव के रूप में हुई है। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक का शव उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर उसके ही खेत में पाया गया था। परिजनों ने प्रेमचन्द्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक के शरीर, पीठ और सिर में काफी गंभीर चोटें देखी गई हैं। कोहड़ार चौकी प्रभारी अनुज राय ने इस संबंध में बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना से परिजनों में शोक का माहौल है।
