Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मजहबी कट्टरता के खिलाफ बोलने वाले यूट्यूबर सलीम अहमद पर हमला

sv news

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान; पुलिस ने हमलावरों की पहचान की

साहिबाबाद। मजहबी कट्टरता के खिलाफ आवाज उठाने वाले यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान कर ली है। दोनों हमलावर दिल्ली से लोनी बाॅर्डर होते हुए लोनी में आए थे और वारदात के बाद इसी रास्ते से फरार हो गए थे।

दुस्साहसिक वारदात की निंदा की

पुलिस ने आरोपितों की तलाश में दिल्ली में डेरा डाला हुआ है। कई संभावित स्थानों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मामला सुर्खियों में आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम को मामले की जांच में लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इस हमले का संज्ञान लिया और कड़े शब्दों में इस दुस्साहसिक वारदात की निंदा की।

सीएम योगी ने सख्त लहजे में कहा कि यूपी में आतंक की कोई जगह नहीं है। इस प्रकरण में कानून अपना काम करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में हमलावर आते और जाते हुए दिखाई दिए हैं।

मुस्लिम कट्टरता और कुरीतियों पर वार

दोनों हमलावरों ने हेलमेट लगाए हुए हैं और वह दिल्ली से लोनी बाॅर्डर की तरफ से आते हुए दिखाई दिए और हमले के बाद इसी दिशा में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस दिल्ली में विभिन्न रूटों पर हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

बता दें कि लोनी की अली गार्डन निवासी सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक ने यूट्यूब चैनल बनाया हुआ है। वह इसके माध्यम से मुस्लिम कट्टरता और कुरीतियों पर वार करते हैं। शुक्रवार सुबह नमाज पढ़ने के बाद वह अपने कार्यालय पर बैठे हुए थे।

हमलावरों की तलाश में दबिश

इस दौरान बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वारकर जानलेवा हमला कर दिया और फरार हो गए। हमलावरों ने उनके गले, कान के नीचे व पेट पर हमला किया। मामले में उनके बेटे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्हें दिल्ली जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यहां देर रात तक उनका ऑपरेशन चला और इसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ का कहना है कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की 10 टीमों को लगाया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad