जीआरपी ने सरगना समेत दो को दबोचा; मुंबई से दिल्ली तक फैला था जाल
प्रयागराज (राजेश सिंह)। ट्रेनों में यात्रियों से मेलजोल कर गहने, पैसा, मोबाइल और सामान चुराने वाली महिला गैंग की सरगना वर्षा और प्रिया को जीआरपी ने प्रयागराज जंक्शन पर दबोच लिया। यह दोनों अशोक नगर वर्धा महाराष्ट्र की रहने वाली है। लेडी नटरवरलाल की इस गैंग ने मुंबई से दिल्ली तक आतंक मचा रखा था।
ये महिलाएं ट्रेनों में बिल्कुल सामान्य यात्रियों की तरह दाखिल होती थीं। अपनी बातों के जादू से पहले ये यात्रियों का भरोसा जीततीं, उनके साथ घुलती-मिलतीं और फिर जैसे ही रात के सन्नाटे में यात्री गहरी नींद में सोते, ये अपना असली रंग दिखाती थीं। मोबाइल, नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर ये अगले स्टेशन पर ओझल हो जाती थीं। महिला होने के नाते इन पर शक की सुई भी नहीं घूमती थी।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने इन्हें प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। इनके पास से 20,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह ने बताया गैंग की लीडर वर्षा के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच की जा रही है कि इस सिंडिकेट में और कितनी 'लेडी गैंग' की सदस्य सक्रिय हैं। ये ट्रेन में चोरी कर अपने ऐश- आराम की व्यवस्था करती थीं।
