प्रयागराज (राजेश सिंह)। जनपद के गंगापार इलाके के बरियारी अंडरपास के समीप रिंगरोड पर शनिवार देर शाम लघुशंका करने गए एक अधेड़ को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। कार के पीछे के हिस्से में अधेड़ की कमीज फंस गई, जिस कारण करीब 60 मीटर तक वह घिसटते चला गया।
राहगीरों के साथ ही आसपास के लोग शोर मचाते हुए घटनास्थल की तरफ दौड़े तो चालक वाहन रोककर भाग निकला। मौके पर ही अधेड़ की मौत हो गई थी। कार में मौजूद एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया। घटनास्थल पर पहुंची सरायइनायत पुलिस ने कार सवार को हिरासत में लेते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
सरायइनायत थानांतर्गत बरियारी गांव निवासी 42 वर्षीय मन्नूलाल भारतीया मजदूरी करते थे। शनिवार देर शाम घर से कुछ दूर स्थित रिंगरोड के पास लघुशंका करने गए थे। वापस लौटते समय वह घर के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार से आई कार ने उनको जोरदार टक्कर मार दिया।
मन्नू लाल गिरे तो उनकी कमीज कार के पीछे के हिस्से में फंस गई। यह देखकर राहगीर और आसपास के लोग शोर मचाते हुए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख चालक ने घटनास्थल से करीब 60 मीटर आगे कार रोकी और तेजी से उतरकर भाग निकला।
