गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ प्रभावित इलाकों में एक बार फिर खतरा बढ़ गया है। संगम क्षेत्र में नदी का पानी तेजी से फैल रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दारागंज घाट पर अंतिम संस्कार करने आने वाले लोगों को हो रही है। घंटों इंतजार करना पड़ रहा
दारागंज घाट पर प्रयागराज समेत आसपास के जिलों और मध्य प्रदेश के रीवा सहित दूसरे इलाकों से भी लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में यहां रोजाना बड़ी संख्या में अंतिम संस्कार होते हैं। लेकिन इस समय घाट डूबने के कारण जगह कम पड़ गई है।
इससे भीड़ बढ़ गई है और लोगों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बाढ़ के समय घाट पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर ही अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।
घाट पर पानी भर जाने के कारण लोग मजबूरी में दारागंज से संगम जाने वाले मुख्य मार्ग और सड़क किनारे अंतिम संस्कार कर रहे हैं। सड़क पर एक के बाद एक चिताएं जल रही हैं और अंतिम संस्कार के लिए लोगों को अपनी बारी का घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
