लोग घबराहट में टैंक फुल करा रहे, कई पंपों पर खत्म हुआ ईंधन
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के कारण शहर के पेट्रोल पंपों पर लगातार दूसरे दिन भी भारी भीड़ देखी गई। गुरुवार को सुबह से ही ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिविल लाइंस इलाके में स्थित स्पीड मोटर्स ऑटो सेल्स सहित कई पेट्रोल पंपों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पेट्रोल पंप मालिक अनुज गुप्ता ने बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया, जिसके चलते उन्हें बंद करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि टैंकर रास्ते में हैं और जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
दरअसल, पेट्रोल-डीजल की कमी और कीमतों में भारी बढ़ोतरी की अफवाहों के चलते लोग घबराकर अपनी जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इसी कारण सामान्य दिनों की तुलना में ईंधन की खपत लगभग तीन गुना बढ़ गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन अचानक बढ़ी मांग के कारण दबाव उत्पन्न हो गया है।
इस बीच, जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने तेल कंपनियों के अधिकारियों और पेट्रोल पंप डीलरों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है।
इसी क्रम में, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि जिले के 312 पेट्रोल पंपों पर लगभग 30 लाख लीटर डीजल और 29 लाख लीटर पेट्रोल उपलब्ध है। जबकि जिले की रोजाना की खपत 6 से 8 लाख लीटर के बीच रहती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि डिपो से नियमित आपूर्ति जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। इसके अतिरिक्त, डिब्बों में पेट्रोल-डीजल देने पर भी रोक लगा दी गई है।
