Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

ममता के 'गढ़' में सुवेंदु की ललकार

sv news

भवानीपुर की सड़कों पर गूंजा 'रामराज्य' का नारा

कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को राजधानी कोलकाता सहित राज्य विभिन्न हिस्सों में कई शोभायात्राएं निकाली गईं। भाजपा और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।

भाजपा नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के गृह क्षेत्र व उनका गढ़ माने जाने वाले कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में रामनवमी के जुलूस का नेतृत्व किया। बड़ी संख्या में भगवा वस्त्र में और हाथों में श्रीराम की तस्वीर वाले पताका लिए भाजपा समर्थकों ने इसमें हिस्सा लिया। सुवेंदु भी भगवा पगड़ी व वस्त्र में नजर आए और झंडा लिए हुए थे।

जय श्रीराम के नारों से पूरा इलाका राममय नजर आया। राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर इस बार सुवेंदु ममता के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। यह पहली बार है, जब सुवेंदु ने ममता के परंपरागत विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में रामनवमी जुलूस का नेतृत्व किया है। सुवेंदु ने इस दौरान लोगों से बंगाल में राम राज्य लाने के लिए परिवर्तन का आह्वान किया। जुलूस के दौरान रास्ते में मतदाताओं से मिलते हुए सुवेंदु ने कहा, हमें रोजगार, भोजन, छत, सुशासन और महिलाओं की सुरक्षा चाहिए।

दूसरी ओर, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष और मदन मित्रा ने भी अलग-अलग रामनवमी जुलूसों में भाग लिया। दोनों को पार्टी द्वारा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा गया है। बंगाल में रामनवमी पर गुरुवार व शुक्रवार को मिलाकर इस बार लगभग 5,000 शोभायात्राएं निकाले जाने की बात है। इस दौरान किसी भी तरह की समस्या या गड़बड़ी से निपटने के लिए राज्य भर में बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।

कोलकाता के दो प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, कलकत्ता विश्वविद्यालय (सीयू) और जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में भी गुरुवार को राम नवमी का उत्सव मनाया गया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad