प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी में आगामी 21, 22 और 23 अप्रैल से शुरू हो एह तीन दिवसीय पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भव्य हनुमंत कथा के आयोजन की तैयारियों को लेकर नैनी स्थित अभिनंदन पैलेस में एक विशाल बैठक संपन्न हुई। जिसमें कार्यक्रम को पूरी रूप रेखा तैयार की गई।
यह बैठक पार्षद, व्यापार मंडल अध्यक्ष और सार्वजनिक रामलीला समिति अध्यक्ष राकेश जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक प्रयाग उत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। इसमें नैनी के लगभग 300 सामाजिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हनुमंत कथा का आयोजन नैनी के अरेल घाट स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर के सामने गंगा तट पर होगा। यह पहली बार है जब नैनी में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा इतना विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों को 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। बैठक में उपस्थित माताओं और बहनों ने आगामी कलश यात्रा को भव्य बनाने और व्यवस्था को सुचारु रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि हनुमंत कथा का श्रवण करने के लिए कई जिलों से लोग शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी बड़ी तैयारी की जा रही है। बैठक में मुख्य आयोजक डॉ. उदय प्रताप सिंह के साथ समर सिंह, आशीष जी महाराज, हरि कृष्णा तिवारी, शालू चड्ढा, विद्या सिंह, सुभाष केसरवानी, आकांक्षा जायसवाल, चंद्रभूषण सिंह, शैलेंद्र पुरी, घनश्याम जायसवाल, राजन शुक्ला, बुलबुल, आनंद शर्मा, गुड्डू गुडविल, पार्षद दिलीप केसरवानी, नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, आशीष शर्मा, सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

