प्रयागराज (राजेश सिंह)। सभी समाज के माता-पिता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि बच्चों को शिक्षित करें, संस्कारवान बनाएं जिससे आने वाली पीढ़ी प्रगति के पथ पर अग्रसर हो। समाज बांटने की राजनीति करने वाले लोग उन्हें तोड़ न पाएं। यह बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री व पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने कहीं।
पूर्व पार्षद के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचीं
साध्वी निरंजन ज्योति शुक्रवार को प्रयागराज शहर के सदियापुर मुहल्ले में पूर्व पार्षद ऋषि निषाद के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। यहां महापौर गणेश केसरवानी के साथ ही अन्य पार्टीजनों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने प्रात: संगम में डुबकी लगाई। मां गंगा की आराधना के बाद बड़े हनुमानजी के पूजन-दर्शन किए।
सपा मुखिया पर साधा निशाना
सपा मुखिया अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए साध्वी ने कहा, राजनीति समाज को जोड़ने की होनी चाहिए न कि तोड़ने की। उत्तर प्रदेश में पीडीए के नाम पर समाज को तोड़ने की राजनीति अखिलेश यादव कर रहे हैं। जातिवादी जहर घोलकर समाज का भला किसी भी हाल में नहीं किया जा सकता। वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता कमल खिलाकर उन्हें सबक सिखाएगी।
मोदी-योगी के शासन की तारीफ की
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2014 से समाज के दबे-कुचले वर्ग के लोगों के लिए विकास और उत्थान का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सब का साथ सब का विकास का मंत्र दिया और इसी पर सभी चल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में भी कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है, जिससे अपराधी सर नहीं उठा पा रहे। देश के राजनीतिक परिदृश्य पर साध्वी निरंजन बोलीं- असम की जनता तीसरी बार कमल खिला रही है। बंगाल में अंधेरा छट रहा है और कमल खिलने जा रहा है। सादियाबाद में हुए आयोजन में मलयज शर्मा, राजेश केसरवानी, राधा निषाद, अमित गुप्त, साहिल अरोरा, अरविंद निषाद आदि मौजूद रहे।
महिला आरक्षण से राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी
साध्वी निरंजन ज्योति ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। कहा, महिला आरक्षण महिलाओं को मजबूती देगा। यह विधेयक राजनीति में महिलाओं की भूमिका को भी बढ़ाने वाला है। उनका सौभाग्य था कि जब वह 17 वीं लोकसभा में केंद्रीय मंत्री थीं तो नारी शक्ति वंदन अधिनियम आया था। अब संसद में इस विधेयक पर बहस होगी। संवैधानिक दर्जा लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को मिलेगा।
भाजपा प्रदेश मंत्री ने साध्वी का किया स्वागत
भाजपा प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी ने साध्वी निरंजन का स्वागत किया। इस दौरान विवेक मिश्र, पवन श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्त, आनंद सोनकर, डा. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, विजय श्रीवास्तव, अरुण पटेल, अजय सिंह, रवि केसरवानी, मनोज कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
