नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच एक और भारतीय झंडे वाले जहाज 'ग्रीन आशा' ने होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद से इस समुद्री गलियारे से निकलने वाला यह नौवां भारतीय टैंकर है।
वैश्विक संकट के बीच अन्य किसी देश के इतने जहाज यहां से नहीं निकले हैं। वैसे अभी भी 15 भारतीय जहाजों समेत यहां करीब 300 जहाज फंसे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, ग्रीन आशा एक एलपीजी कैरियर है और इस पर 20,000 टन एलपीजी लदी है। इससे एलपीजी आपूर्ति सुधारने में मदद मिलेगी। फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति अस्थिर बनी हुई है। ईरान ने युद्ध के चलते इस जलमार्ग पर अपने नियंत्रण को और कड़ा कर दिया है। इसने वैश्विक ईंधन आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित किया है।
ईरान ने इसे लगभग बंद किया हुआ है। केवल कुछ मित्र राष्ट्रों के ही जहाज यहां से गुजरने की उसने पिछले दिनों अनुमति दी थी।बता दें कि शनिवार को भारतीय जहाज 'ग्रीन सान्वी' ने होर्मुज स्टेट को सुरक्षित पार किया था। इस पर 46,650 टन एलपीजी लदी है। इससे पहले पिछले कुछ दिनों में भारतीय टैंकर शिवालिक, नंदा देवी, पाइन गैस, जग लाडकी, जग वसंत, बीडब्ल्यू टीवाईआर, बीडब्ल्यू ईएलएम होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत पहुंचे थे।
51 लाख से अधिक एलपीजी सिलिंडर एक दिन में वितरित
केंद्र सरकार ने कहा है कि आनलाइन एलपीजी बुकिंग 95 प्रतिशत तक बढ़ गई है और चार अप्रैल 51 लाख से अधिक घरेलू सिलिंडर वितरित किए गए। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, किसी भी तरह की कालाबाजारी को रोकने के लिए डिलीवरी आथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित वितरण भी 53 प्रतिशत से बढ़कर अब 90 प्रतिशत हो गया है।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे आनलाइन बु¨कग का इस्तेमाल करें। मंत्रालय ने कहा कि पांच किलो वाले एलपीजी सि¨लडरों की बिक्री शनिवार को 90,000 का आंकड़ा पार कर गई। पीएनजी कनेक्शनों का लगातार विस्तार किया जा रहा है और मार्च में 3.60 लाख कनेक्शन जोड़े गए हैं। एलपीजी और पीएनजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए गए हैं।
कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई तेज, अब तक 50,000 सिलिंडर जब्त
पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि एलपीजी सिलिंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तक 50,000 से ज्यादा सिलिंडर जब्त किए गए हैं। एलपीजी वितरकों को 1,400 से ज्यादा कारण बताओ नोटिस थमाए गए हैं और इनमें से 36 की डीलरशिप निलंबित की जा चुकी हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऊर्जा की बचत करें और अफवाहों से सावधान रहें। ईंधन का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता से उत्पादन कर रही हैं।
